दरभंगा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की आस लिए भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए कृति झा आज़ाद को अब धनबाद से चुनाव लड़ना होगा। कांग्रेस पार्टी ने कृति के धनबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने सोमवार को झारखण्ड दो उम्मीदवारों के नाम का एलान किया जिनमे कृति को धनबाद और खूंटी सीट (आरक्षित) से कालीचरण मुंडा को उम्मीदवार बनाया गया है।
Jharkhand: Kirti Azad and Kalicharan Munda to contest for Congress from Dhanbad and Khunti respectively. #LokSabhaElections2019 pic.twitter.com/ejYSApmzeI
— ANI (@ANI) April 8, 2019
कीर्ति झा आजाद (Kirti Azad) अभी बिहार की दरभंगा सीट से मौजूदा सांसद हैं। कीर्ति झा आजाद ने पिछली बार बीजेपी के टिकट पर आरजेडी के मोहम्मद अली अशरफ फातमी को ही हराया था। वो तीन बार से दरभंगा लोकसभा सीट (Darbhanga Lok Sabha Seat) जीत चुके हैं। आजाद को भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 2015 में निलंबित कर दिया था।
बिहार में कांग्रेस महागठबंधन में शामिल है। सीट बंटवारे में दरभंगा सीट राजद के खाते में चली गयी। राजद ने अब्दुल बारी सिद्दीकी को दरभंगा से उम्मीदवार बनाया है। हालाँकि कृति आज़ाद ने दरभंगा सीट पर पुरज़ोर तरीके से अपनी दावेदारी पेश की, पहले मुकेश साहनी ने अड़ंगा लगाया और फिर सीट बंटवारे के दौरान राजद ने दरभंगा सीट झटक लिया।
गौरतलब है कि बीजेपी ने धनबाद लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद पशुपति नाथ सिंह को टिकट दिया है।