झारखंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 15 नये मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 323 हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि प्रदेश की राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) समेत अन्य सरकारी एवं निजी जांच केन्द्रों में आज 1743 मरीजों के स्वाब सैंपल की जांच में 15 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें सरकारी जांच केन्द्रों में 1670 सैंपल में 15 जबकि निजी लैब में 73 सैंपल की जांच में कोई रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिली है। नये में मरीजों में बोकारो में पांच, हजारीबाग में आठ, पूर्वी सिंहभूम में एक, रामगढ़ में तीन, पश्चिम सिंहभूम में तीन मिले हैं। इनमें से पांच की रिपोर्ट गुरूवार की देर रात मिली है।
सूत्रों ने बताया कि अबतक रांची जिले में दो विदेशी नागरिक समेत कुल 112, बोकारो में 15, हजारीबाग में 41, धनबाद में 07, गिरिडीह में 16, सिमडेगा में 03, कोडरमा में 16, देवघर में 05, गढ़वा में 47, पलामू में 15, जामताडा में 02, गोड्डा में 01, दुमका में 02, पूर्वी सिंहभूम में 17, लातेहार में 04, लोहरदगा में 02, रामगढ़ में 06, पश्चिम सिंहभूम में 04, गुमला में 03, सरायकेला में 04 एवं चतरा में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है। राज्य के 21 जिले अब नोवेल कोरोना वायरस की चपेट में हैं। प्रदेश में 184 एक्टिव केस है। अबतक तीन लोगों की मौत जानलेवा वायरस से हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पहले कोरोना संक्रमित मरीज की मौत 09 अप्रैल को बोकारो जेनरल अस्पताल में हुई थी। मृतक बोकारो जिले में गोमिया प्रखंड के सड़म का रहने वाला था और उसकी उम्र 70 वर्ष थी। इसके बाद 12 अप्रैल को राज्य के दूसरे पॉजिटिव मरीज की मौत रिम्स में हुई। मृतक हिंदपीढ़ी का रहने वाला था और उसकी उम्र 56 वर्ष थी। वहीं, 21 अप्रैल को रिम्स में एक 54 वर्षीय महिला की मौत हो गई।