बिहार में मिशन 2020 (Mission 2020) की तैयारी में लगी मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आज कहा कि जिस तरह से संगठन में सामाजिक समीकरण का ख्याल रखा गया है उसी तरह इस वर्ष होने वाले विधानसभा के चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के चयन में भी सामाजिक समीकरण का पूरा ध्यान रखेगी।
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Yadav) ने राजद विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) के यहां 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर पार्टी के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों तथा प्रधान महासचिव की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राजद ऐसी पहली पार्टी है, जिसमें अति पिछड़ा, अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए संगठन में आरक्षण की व्यवस्था लागू की गई है। जिस तरह से संगठन में सामाजिक समीकरण का ख्याल रखा गया है ठीक उसी तरह विधानसभा चुनाव के समय टिकट बंटवारे में भी सामाजिक समीकरण का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि राजद समाज के सभी वर्गों की पार्टी है जबकि एक साजिश के तहत कुछ लोगों द्वारा मुस्लिम-यादव की पार्टी के रूप में प्रचारित किया जाता रहा है। पार्टी के अंदर किसी प्रकार की गुटबंदी नहीं होनी चाहिए। राजद में एक ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का गुट है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नहीं रहने के कारण उनके निर्देशों को आम लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेवारी हम सब की है।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि मार्च से पार्टी द्वारा निर्धारित संघर्ष के कार्यक्रमों के तहत संगठन में सभी समुदायों को जोड़ने पर बल दिया गया। बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भी संबोधित किया।