रांची: झारखंड में भाजपा (BJP) से अलग चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। LJP की इस दूसरी सूची में कुल 5 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। जिन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है उनमें जरमुंडी से बिरेंद्र प्रधान, बड़कागांव से बबलू सागर मुंडा, जमुआ से केदार पासवान, रामगढ़ से नईम अंसारी और सिंदरी से युवा लोजपा (LJP/ Y) के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ द्विवेदी (Shailendra Nath Dwivedi) का नाम शामिल है।
LJP ने की थी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की पेशकश
बता दें सीट बंटवारे को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) लगातार BJP के संपर्क में बनी हुई थी और झारखंड विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की पेशकश की थी। लोजपा (LJP) ने भाजपा (BJP) से संथाल परगना के जरमुंडी विधानसभा समेत 6 सीटों की मांग की थी, लेकिन बात नहीं बनी।
झारखंड के 81 में से 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी LJP
भाजपा (BJP) की ओर से इन सीटों पर अपना प्रत्याशी उतार दिया गया। इसके बाद सोमवार को ही लोजपा (LJP) ने यह मन बना लिया था कि वह अकेले चुनाव मैदान में आ सकती है। मंगलवार को चिराग पासवान ने इसकी अधिकारिक घोषणा करते हुए झारखंड के 81 में से 50 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी थी।
झारखंड विधान सभा में बहुमत के लिए 41 का आंकड़ा जरूरी
झारखंड में 30 नवंबर, 7 दिसंबर, 12 दिसंबर, 16 दिसंबर और 20 दिसंबर को पांच चरणों में मतदान होना है। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को खत्म होगा। वहां कुल 81 सीटें हैं। बहुमत के लिए 41 का आंकड़ा जरूरी है।